आज शाम दिल्ली मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी आतिशी, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनेंगी शपथ, राष्ट्रपति ने दी सरकार गठित करने की मंजूरी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आप नेता आतिशी को दिल्ली की नई सरकार गठित करने की मंजूरी दे दी है। आज शाम आतिशी राजभवन में दिल्ली की मुख्यमंत्री की रूप में शपथ लेंगी। 
 

दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के इस्तीफे को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा राष्ट्रपति ने आतिशी को भी दिल्ली की नई सरकार गठित करने के साथ नई सरकार के पाँच मंत्रियों को भी मंजूरी दे दी है। सभी नेताओं को 21 सितंबर को राजभवन में बुलाया गया है। 
संभव है कि आतिशी आज शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लें। बता दें कि अरविन्द केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद आप पार्टी के विधायकों की सर्वसम्मति से आतिशी ने नई सरकार गठित करने का प्रस्ताव राष्ट्रपति को भेजा था जिसे आज राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए 21 तारीख की मांग भी राष्ट्रपति को भेजी फायल में की गई थी। 21 तारीख को दिल्ली में आतिशी के साथ गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत भी शपथ लेंगे। इसमें से मुकेश अहलावत इस बार मंत्रिमंडल के नए सदस्य हैं। 

जनता ईमानदार माने तो दोबारा बनूँ सीएम : अरविन्द केजरीवाल 

बता दें कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल  13 सितंबर को पाँच महीनों के बाद आबकारी नीति मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल से निकले हैं। जेल से बाहर आने के दूसरे ही दिन उन्होंने सभी को चौंकाते हुए इस्तीफे की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि, "आगामी विधानसभा चुनावों में, दिल्ली की जनता से ईमानदारी का प्रमाण पत्र मिलने के बाद, अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद पर वापस लौटेंगे।" केजरीवाल इस्तीफा देने के बाद आप विधायक डाल की बैठक ने सर्वसम्मति से दिल्ली की कमान में आतिशी के हाथों में सौंप दी।

कौन हैं आतिशी

आम आदमी पार्टी से जुड़ी आतिशी मार्लेना ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अपनी शिक्षा ग्रहण करने के बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से अपनी मास्टर डिग्री प्राप्त की। इसके बाद वे दिल्ली सरकार की शिक्षा नीति में सुधार लाने के लिए सक्रिय रहीं और शिक्षा की बेहतरी के लिए एक से एक योजनाएं लेकर आईं। 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी के लिए जोरों-शोरों से प्रचार किया। अपनी राजनीति के साथ आतिशी जल्द ही दिल्ली में महिला अधिकारों और सामाजिक न्याय की आवाज बन गईं। अब आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू करेंगी। 

आतिशी की 'आप' भूमिका 

दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री आतिशी 2013 के विधानसभा के लिए पार्टी की घोषणापत्र मसौदा समिति की प्रमुख सदस्या थीं। उन्होंने पार्टी गठन के शुरुआती दौर में पार्टी की नीतियों को आकार दिया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी के सरकार में आने के बाद ये पार्टी के लिए एक मजबूत प्रवक्ता बनकर उभरीं। पार्टी में इनके अरविन्द केजरीवाल के साथ-साथ मनीष सिसोदिया के साथ भी अच्छे संबंध हैं। इन्होंने कुछ समय तक सिसोदिया की सलाहकार के रूप में भी काम किया है और उनकी गैर-मौजूदगी में ये दिल्ली की शिक्षा मंत्री भी रहीं।