भारत ने एशिया कप क्रिकेट के अपने पहले मैच में UAE को 9 विकेट से हरा दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. इसके बाद कुलदीप यादव और शिवम दुबे की घातक गेंदबाजी के सामने यूएई के बल्लेबाजों ने पूरी तरह से सरेंडर कर दिया और टीम सिर्फ 57 रनों पर ढेर हो गई. इसके बाद टीम इंडिया ने सिर्फ 4.3 ओवर में मुकाबला अपने नाम किया I
अभिषेक और गिल ने 3.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 48 रन की तेज साझेदारी की
अभिषेक और गिल ने 3.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 48 रन की तेज साझेदारी की. इस स्कोर पर अभिषेक शर्मा 16 गेंद पर 3 छक्के और 2 चौके की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए. तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गिल के साथ मिलकर भारत को 9 विकेट से जीत दिला दी. भारत ने 4.3 ओवर में 1 विकेट पर 60 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीता. गिल 9 गेंद पर 20 जबकि सूर्या 2 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद रहे.
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था
इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. यूएई की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और 13.1 ओवर में मात्र 57 रन पर सिमट गई। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यूएई का यह न्यूनतम स्कोर है. यूएई के लिए आलिशान शराफू ने 22 रन बनाए, वहीं कप्तान मुहम्मद वसीम ने 19 रन बनाए. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सका.
भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की. बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 2.1 ओवर में मात्र 7 रन देकर 4 विकेट लिए. जबकि ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 2 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट लिए. बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकेट मिले. हार्दिक पांड्या एकमात्र ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्हें विकेट नहीं मिल सका। हालांकि उन्होंने एक ओवर ही गेंदबाजी की.